नोएडा खबर

खबर सच के साथ

संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन-2023 में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने की घोषणा, दुनिया का सबसे बड़ा बांध पुनर्वास कार्यक्रम लागू करेगा भारत

1 min read

-केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन 2023 को किया संबोधित

न्यूयार्क, 24 मार्च।
जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संयुक्त राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन से उपजी चुनौतियों का सामना करने, भूजल स्तर बढ़ाने और जल भंडारण की क्षमता में वृद्धि के लिए बुनियादी ढांचे के विकास हेतु भारत दुनिया का सबसे बड़ा बांध पुनर्वास कार्यक्रम लागू कर रहा है।

शेखावत ने ‘संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन 2023’ को संबोधित करते हुए जल क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा 19 लाख 40 करोड से अधिक के निवेश समेत पेयजल और स्वच्छता के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) को प्राप्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा कि ‘भौगोलिक परिस्थितियों की भिन्नता के कारण भारत दुनिया में भूजल के सबसे बड़े उपयोगकर्ताओं में से एक है। भूजल स्तर को बहाल करने और ग्रामीण जल सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से जल की मांग और आपूर्ति में संतुलन के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। पानी के उपयोग और संरक्षण के साथ-साथ व्यवहार में परिवर्तन के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

स्वच्छता और शुद्ध पेयजल के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। यह सतत विकास लक्ष्य में निहित लक्ष्यों को प्राप्त करने में मददगार साबित होगा। 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण घर में नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

शेखावत ने कहा कि भारत के महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नमामि गंगे को संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन द्वारा दुनिया के शीर्ष 10 फ्लैगशिप मिशन में शामिल किया गया। इस मिशन ने नदी के पुनर्जीवन, प्रदूषण में कमी, पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण और नदी बेसिन प्रबंधन के समग्र दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। जल मंत्री ने अर्थ गंगा के तहत हुए सराहनीय कार्यों को भी गिनाया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनिया गुटेरेस के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइफ मिशन की शुरुआत की थी। लाइफ का मतलब ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट है। उन्होंने अपने संबोधन में सदस्य देशों द्वारा मिशन लाइफ को अपनाने की गुजारिश की।

केंद्रीय मंत्री ने अपने मंत्रालय द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का चर्चा करते हुए कहा कि जल प्रबंधन भारत सरकार की प्राथमिकता में शुमार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2019 में इसके लिए एक अलग मंत्रालय ‘जल शक्ति मंत्रालय’ का गठन किया। यह मंत्रालय जन सहभागिता से देश में ग्रामीण स्वच्छता और पेयजल क्षेत्र में योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन की तारीफ करते हुए कहा कि इसे 2014 में शुरू किया गया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्रवान पर यह जनआंदोलन बना और 2019 में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। सतत विकास लक्ष्य 6.2 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए भारत ने 108 मिलियन शौचालय बनवाए। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपशिष्ट जल प्रबंधन को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।

क्यों जरूरी है बांध पुनर्वास?
बांध की संख्या के मामले में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है। चीन और अमेरिका के बाद सर्वाधिक बांध भारत में ही है। भारत में लगभग 5 हजार 700 बड़े बांधों में से लगभग 80 प्रतिशत बांध 25 वर्ष से अधिक पुराने हैं। इतना ही नहीं देश में लगभग 227 बांध 100 साल से भी अधिक पुराने हैं और अभी भी कार्य कर रहे हैं। देश में 92 प्रतिशत बांध ऐसे हैं, जो विभिन्न राज्यों को जोड़ने वाली नदियों पर बने हैं। ऐसे में, अगर किसी बांध में कोई दिक्कत आती है तो उसका खामियाजा दूसरे राज्यों को भुगतना पड़ सकता है। इसलिए भी बांध पुनर्वास की बहुत आवश्यकता है।

 6,082 total views,  2 views today

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published.

साहित्य-संस्कृति

चर्चित खबरें

You may have missed

Copyright © Noidakhabar.com | All Rights Reserved. | Design by Brain Code Infotech.