दादरी में दीपक चोटीवाला का प्रचार करने पहुंची प्रियंका गांधी, बोली कौन सच बोल रहा है ? जनता सब जानती है
1 min readदादरी, 3 फरवरी।
दादरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी विधानसभा क्षेत्र के दादरी कस्बे में रोड शो कर पार्टी प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला के पक्ष में समर्थन की अपील की। प्रियंका गाँधी को देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लोगों ने ढोल और नगाड़े और फूल बरसाकर प्रियंका गांधी का जोरदार स्वागत किया। दादरी में पहली बार आगमन पर प्रियंका गांधी को लोगों ने हाथों-हाथ लिया है। दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने दादरी के लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।
प्रियंका गांधी से मिलने के लिए दादरी से महिलाओं की भी भारी भीड़ सड़क पर उमड़ पड़ी। मौसम खराब है और हल्की बारिश पड़ रही थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां लंबे समय तक प्रियंका गांधी के आने का इंतजार करती रहीं। महिलाओं ने प्रियंका गांधी को फूल मालाएं और शॉल भेंट किए। दादरी के मुख्य चौराहे पर खड़ी महिलाओं को देखकर प्रियंका गांधी कार से नीचे उतर आईं। गले लगकर बातचीत की। अपने बीच प्रियंका को देखकर लड़कियां गदगद हो गईं। आपको बता दें कि प्रियंका गांधी दिल्ली से बुलंदशहर जा रही थीं। दादरी से गुजरते हुए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला के लिए लोगों से वोट देने की अपील की। प्रियंका गांधी ने दादरी में रोड शो किया।
दादरी में महिलाओं से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस आम आदमी के साथ खड़ी है। नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। महिलाओं के आत्मसम्मान और रक्षा के लिए कांग्रेस दिन-रात काम कर रही है। प्रियंका गांधी ने आगे कहा, झूठ कभी नहीं जीत सकता है। सच को परेशान किया जा सकता है लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता है। मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकारें केवल झूठ के सहारे चल रही हैं। जनता को झूठ का पता है। इसका जवाब जनता जरूर देगी।
1,366 total views, 2 views today