नोएडा में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी के उत्पीड़न की शिकायत राष्ट्रपति से
1 min read
नोएडा, 17 जून।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ के विरोध में नोएडा महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष राम कुमार तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 19 स्थित नोएडा नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।
उन्होंने बताया कि विगत कई दिनों से लगातार भाजपा सरकार के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गाँधी जी को निराधार एवं मनगढ़ंत नेशनल हेराल्ड मामले में तलब किया जा रहा है। भाजपा सरकार द्वारा बिना किसी सबूत और तथ्यों के व्यक्तिगत बदला लेने और राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा AICC मुख्यालय को किले में बदल दिया गया है। पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस हमारे वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बेरहमी से मारपीट कर रही है और बिना कोई कारण बताए उन्हें अलग-अलग दूरदराज के पुलिस स्टेशनों में बंद कर रही है।
यह ज्ञापन नोएडा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार तंवर के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय को दिया गया है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दो दिन पूर्व 15 जून 2022 को पुलिस ने जबरदस्ती AICC मुख्यालय में प्रवेश किया और परिसर के अंदर हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं को बेरहमी से पीटा। सच्चाई की इस लड़ाई को दबाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शनों और एकजुटता को कुचलने के लिए केन्द्र सरकार क्रूरता के साथ पुलिस बल का प्रयोग कर रही है। न्याय की इस लड़ाई को कांग्रेस पार्टी का एक-2 कार्यकर्ता एकजुटता के साथ लड़ेगा और पुलिसिया राज व AICC मुख्यालय के कामकाज के अवरूद्ध करने के प्रयास का हम सब कांग्रेसी कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करते हैं और आप से न्याय की अपील करते हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं में पुरुषोत्तम नागर, सतेंद्र शर्मा, लियाकत चौधरी, रमेश चंद यादव, मुकेश यादव, रिजवान चौधरी आदि भी शामिल थे।
2,647 total views, 2 views today