नोएडा खबर

खबर सच के साथ

गौतमबुद्धनगर जिले में जारचा थाने के सैंथली गांव से शुरू हुई महिला बीट प्रणाली, महिला अपराध रोकने को कारगर कदम

1 min read

-हर ग्राम पंचायत में बनेगा मिशन शक्ति कक्ष

-हर बीट पर तैनात होगी महिला पुलिस अधिकारी

-ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के साथ समन्वय बनाने की भी जिम्मेदारी

-पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने की शुरुआत

सैंथली गांव की प्रधान अंजू भाटी ने फीता काटकर किया उद्घाटन

गौतमबुद्धनगर,  21 अगस्त

पुलिस कमिश्नर श्री आलोक सिंह के निर्देशन एवं मुख्य अतिथि माननीय विधायक दादरी श्री तेजपाल सिंह नागर की उपस्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, उनकी सुरक्षा एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति-3 कार्यक्रम का शुभारंभ थाना जारचा के ग्राम सेथली में ग्राम प्रधान श्रीमती अंजू भाटी द्वारा फीता काटकर किया गया। मिशन शक्ति-3 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा से महिला बीट प्रणाली लागू की गई। प्रत्येक बीट पर महिला बीट पुलिस अधिकारी को नियुक्त किया गया है। महिला बीट पुलिस अधिकारी अपनी बीट के क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं से निरंतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास कर समाधान निकालने की कोशिश करेगी। महिला संबंधी अपराध या अन्य कोई भी समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में महिला बीट पुलिस अधिकारी द्वारा तुरंत उच्च पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। महिला बीट प्रणाली के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा अधिक से अधिक महिलाओं तक पुलिस सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रहेगा, खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं से समन्वय स्थापित किया जायेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी बिना किसी संकोच के अपनी किसी भी पारिवारिक या सामाजिक समस्या से महिला बीट अधिकारी को अवगत करा सके। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा मिशन शक्ति कक्ष तैयार कराया जायेगा। महिला बीट अधिकारियों को 01 दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। इसके साथ ही विभिन्न जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पूर्व की ही भांति माननीय न्यायालयों में लंबित महिला संबंधी आपराधिक मामलों को चिन्हित कर सभी प्रकरणों की प्रभावी पैरवी के लिए उन्हें राजपत्रित अधिकारियों को आवंटित किया जायेगा, जिससे जल्द से जल्द इस प्रकार के महिला संबंधी अपराध में शामिल अभियुक्तों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। मिशन शक्ति के अंतर्गत पूर्व में किए गए सहरानीय कार्यों के लिए 10 महिला पुलिसकर्मियों सहित अन्य महिलाओं को इंदिरा गांधी कला केंद्र में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर मुख्य अतिथि के तौर पर आए माननीय विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। महिला बीट प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध श्रीमती पुष्पांजलि देवी, डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती वृंदा शुक्ला व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 4,584 total views,  2 views today

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published.

साहित्य-संस्कृति

चर्चित खबरें

You may have missed

Copyright © Noidakhabar.com | All Rights Reserved. | Design by Brain Code Infotech.