नोएडा: रेस्टोरेंट, होटल और अस्पताल कैंटीनों में मच्छर-मक्खियों व तेल के बार-बार इस्तेमाल की शिकायत, कोनरवा ने लिखा पत्र

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
कन्फेडरेशन ऑफ एनसीआर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस (कोनरवा) ने जिला खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र लिखकर रेस्टोरेंट, होटल और अस्पतालों की मेस/कैंटीन में स्वच्छता की कमी और खाद्य तेल के बार-बार इस्तेमाल की शिकायत की है।

कोनरवा के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन और महासचिव राजीव गर्ग द्वारा बुधवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कई जगहों पर रसोई के साथ-साथ बैठने के स्थानों पर भी मच्छर और मक्खियों की संख्या बहुत ज्यादा है। कई बार भोजन की प्लेटों पर भी मक्खियां बैठती दिखती हैं। अस्पतालों की कैंटीनों में यह समस्या और गंभीर है, क्योंकि वहां बीमार लोगों के परिजन और तीमारदार खाना खाते हैं। इससे संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि कई रेस्टोरेंट और कैंटीन में एक ही तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे भोजन की गुणवत्ता खराब हो सकती है और लंबे समय में स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
कोनरवा ने मांग की है कि इन शिकायतों की जांच कर दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही विभाग यह भी बताए कि हर महीने कितने होटल और रेस्टोरेंट से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जाते हैं और उनकी दोबारा जांच कितने समय बाद होती है।

पत्र की प्रति जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी भेजी गई है। संगठन का कहना है कि नागरिकों को साफ-सुथरे माहौल में सुरक्षित खाना मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *