

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना फेस-2 क्षेत्र में आज सुबह पुलिस और चोरी व लूट की वारदातों में शामिल बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। मुठभेड़ में बरामद सामान में चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और चाकू शामिल हैं।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ह्रदयेश कठेरिया ने बताया कि 28 जुलाई 2025 को थाना फेस-2 पुलिस नया गांव तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर निम्मी विहार की ओर भागने लगे। संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने पीछा किया। बदमाशों ने मोटरसाइकिल छोड़कर पैदल भागने की कोशिश की और पुलिस पर जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।घायल बदमाश की पहचान रोशन (25 वर्ष), पुत्र जीरेन, निवासी ग्राम रवेड़ा, थाना कमडरा, गुमला (झारखंड), वर्तमान पता भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद किया गया।
दूसरे बदमाश, धन्नंजय (20 वर्ष), पुत्र अशोक, निवासी नोथर कॉलोनी, थाना फरक्खा, मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता भंगेल, थाना फेस-2, को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। मौके से एक चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजि. नं. DL9SZ1520) भी जब्त की गई। घायल बदमाश रोशन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एडीसीपी ह्रदयेश कठेरिया ने आगे बताया कि अभियुक्त रोशन का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ नोएडा और गाजियाबाद में चोरी, लूट, और आर्म्स एक्ट से संबंधित आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें थाना सेक्टर-49, सेक्टर-24, फेस-2, और कौशाम्बी में मुकदमे शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है, और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।