नोएडा:सेक्टर-24 में मोबाइल स्नेचर्स से मुठभेड़, एक घायल, दो गिरफ्तार; 31 फोन और 42 हजार रुपये बरामद

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

थाना सेक्टर-24 की पुलिस टीम और मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले तीन बदमाशों के बीच रविवार तड़के मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की।

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के अनुसार, प्रकाश हॉस्पिटल के पास गंदे नाले के पुल पर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके और मोटरसाइकिल घुमाकर आरटीओ कट, सेक्टर-33 की ओर भागने लगे।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने पीछा किया। हड़बड़ाहट में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। जब बदमाशों ने खुद को घिरा हुआ देखा, तो पीछे बैठा एक बदमाश पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।घायल बदमाश की पहचान नीरज पुत्र कैलाश, निवासी पप्पू कॉलोनी, साहिबाबाद, गाजियाबाद, उम्र लगभग 23 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

कॉम्बिंग के दौरान उसके दो साथी भी गिरफ्तार किए गए। इनमें हेमंत उर्फ सनी पुत्र अशोक (निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र लगभग 26 वर्ष) और गोविंद सिंह उर्फ रिंकू पुत्र मनजीत (निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र लगभग 35 वर्ष) शामिल हैं। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों से चोरी/स्नेचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *