नोएडा। (नोएडा खबर डॉट कॉम)
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत महानगर कांग्रेस कमेटी, नोएडा ने रविवार को सेक्टर-52 स्थित पार्टी कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश यादव ने की, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुकेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों से नोएडा के कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टरों और गांवों में जाकर पुराने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस तरह संसद और अन्य मंचों पर केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान विरोधी, युवा विरोधी और संविधान विरोधी नीतियों का विरोध कर रहे हैं, उसी तरह नोएडा में भी कार्यकर्ताओं को जनपद की समस्याओं के खिलाफ मजबूती से आवाज उठानी होगी।यादव ने आगे कहा, “जब तक हमारा संगठन सशक्त नहीं होगा, नए लोग कांग्रेस से नहीं जुड़ेंगे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय नहीं होंगे, तब तक सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रभावी विरोध संभव नहीं है। इसलिए ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर की कमेटियों को शीघ्र गठित कर मैदान में उतरना होगा।”
बैठक में लियाकत चौधरी, फिरे सिंह नागर, राजकुमार भारती, संजय तनेजा, यतेंद्र शर्मा, ललित अवाना, मधुराज, डॉ. सीमा, एस.एस. सिसोदिया, दयाशंकर पांडेय, राहुल पांडेय, रामकुमार शर्मा, कैप्टन पी.एस. रावत, चांद मोहम्मद सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन सृजन अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया।
महानगर कांग्रेस कमेटी ने इस बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।