गौतमबुद्ध नगर: खुले में गटक रहे थे, पुलिस ने हवालात की हवा खिलाई! सेक्टर-63 और ईकोटेक-3 में 125 नशेड़ियों पर चला शिकंजा

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम नशा करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती है। थाना सेक्टर-63 और थाना ईकोटेक-3 की पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 125 व्यक्तियों को पकड़ा। इनमें से 72 सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से और 53 ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में डीसीपी/एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण और एसीपी-1 व एसीपी-3 के नेतृत्व में टीमों ने रात के समय सार्वजनिक जगहों पर छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पार्कों, सड़कों किनारे और खुले मैदानों में खुलेआम शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर रहे थे। टीम पहुंची तो ये लोग बेखौफ नशे में धुत पाए गए।पुलिस ने तुरंत इन सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। अब इन नशेड़ियों को हवालात की ठंडी हवा खानी पड़ रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थलों पर शराब या नशे का सेवन न करे। लोक शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साफ कहा है कि ऐसे नियम-विरुद्ध काम करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान नोएडा में बढ़ते खुले नशे और उसके सामाजिक प्रभाव को रोकने की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है। पुलिस की इस सख्ती से इलाके के नागरिकों में राहत की लहर है, जबकि नशेड़ियों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *