गौतमबुद्धनगर,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मतदान को देखते हुए 23 अक्टूबर 2026 को जनपद गौतमबुद्धनगर में मतदान समाप्ति तक पूर्ण शुष्क दिवस (ड्राई डे) रहेगा। इस दिन शराब की सभी दुकानें और मदिरा बिक्री के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।शासन के निर्देशों के अनुसार लोक शांति बनाए रखने और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष मतदान कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट/लाइसेंस प्राधिकारी ने संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत 23 अक्टूबर को ड्राई डे घोषित किया है।इस अवधि में देशी शराब की दुकानें, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग, बार, फुटकर और थोक बिक्री से जुड़े सभी अनुज्ञापन तथा सैन्य-अर्द्धसैनिक कैंटीन सहित मादक पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अवैध मदिरा की तस्करी पर भी सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस बंदी के लिए दुकानदारों को कोई प्रतिफल या भत्ता नहीं मिलेगा। सभी अनुज्ञापियों को आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा। उल्लंघन करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।यह व्यवस्था कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों में भी लागू है।
