ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना बीटा-2 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी के एक सक्रिय गिरोह के वांछित अभियुक्त जीतू उर्फ जितेन्द्र को गोपनीय सूचना के आधार पर फरीदाबाद (हरियाणा) से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
चोरी कैसे हुई
पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड केशव था, जो एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (डी-28, साइट-4, थाना बीटा-2) में कंटेनर चालक के पद पर काम करता था। कंपनी द्वारा तैयार मोबाइल फोन को ऑर्डर डिलीवरी के लिए विभिन्न स्थानों पर ले जाते समय वह कंटेनर की सील खोलकर कार्टूनों से मोबाइल फोन निकाल लेता था। इसमें उसके साथी मनोज, विनीत उर्फ मसना, शोएब, हसीबुर्रहमान, रवि कुमार और राकेश भी शामिल थे। ये फोन मार्केट में कम दाम पर बेचकर अवैध कमाई करते थे।
कंपनी के मैनेजर ने ऑडिट के बाद 165 मोबाइल फोन की चोरी का मामला दर्ज कराया था। थाना बीटा-2 पर मुकदमा संख्या 284/2026 धारा 306/61(2) बीएनएस के तहत 24 जुलाई 2026 को चालक केशव कुमार व अन्य अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कैसे पकड़ा
सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पहले 31 अगस्त 2026 को गिरोह के 6 सदस्यों—मोहम्मद शोएब, मनोज कुमार, रवि कुमार, विनीत उर्फ मसना, केशव कुमार और हसीबुर्रहमान—को पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढैय्या के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस समय जीतू और राकेश मौके से फरार हो गए थे।
5 नवंबर 2026 को गोपनीय सूचना मिली कि जीतू थाना क्षेत्र भूपानी, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में मौजूद है। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त जीतू उर्फ जितेन्द्र, पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम सैद आलमपुर, थाना अतरौली, जिला अलीगढ़ है और हाल ही में फरीदाबाद के सेक्टर 91 में रहता था।आगे की जांच जारी है। शेष फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस सक्रिय है।
