नोएडा:सेक्टर-25 की शिक्षिका ने नोएडा प्राधिकरण अधिकारी पर अभद्र बातचीत का आरोप लगाया, पुलिस कमिश्नर से एफआईआर की मांग

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर-25 की शिक्षिका एवं डायरेक्टर हेमा पुरी ने नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर कपिल देव सिंह पर फोन पर अभद्र एवं अशोभनीय भाषा में बात करने तथा अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह को पत्र लिखकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हेमा पुरी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1:17 बजे उन्होंने सेक्टर-25 की सड़क मरम्मत की समस्या को लेकर कपिल देव सिंह से फोन पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान अधिकारी ने कथित तौर पर अत्यंत अभद्र, आपत्तिजनक और बदतमीजीपूर्ण व्यवहार किया, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा हुई और महिला के रूप में अपमानित महसूस हुआ।
उन्होंने पत्र में कहा कि वे केवल सार्वजनिक समस्या के समाधान के लिए संपर्क कर रही थीं। किसी सरकारी अधिकारी द्वारा महिला नागरिक के साथ ऐसा व्यवहार गंभीर और आपत्तिजनक है। उन्होंने कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जांच में पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है।
पत्र की प्रतिलिपि नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश महिला आयोग को भी भेजी गई है। हेमा पुरी ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर वे वरिष्ठ अधिकारियों और सक्षम आयोग के समक्ष शिकायत ले जाएंगी।पुलिस और प्राधिकरण की ओर से इस शिकायत पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *