नोएडा खबर

खबर सच के साथ

विनोद शर्मा

यमुना सिटी, 7 दिसम्बर।

आजकल उत्तर प्रदेश में  पुराने शहरों के नाम बदलने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव नगर निगम ने पारित कर शासन को भेज दिया है इलाहाबाद पहले ही प्रयागराज हो गया है। फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या है। अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस शहर का नया नामकरण किया जाना है। यीडा यानि यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की स्थापना 24 अप्रैल 2001 को हुई थी। अब इसके नए नाम पर भी विचार चल रहा है। देश की सबसे बड़ी ऑथोरिटी के सामने यह सबसे बड़ा सवाल है।

प्रशासनिक सूत्रों की माने तो यीडा सिटी नाम की पहचान यमुना नदी के किसी भी पर्यायवाची नाम पर रखने पर मंथन चल रहा है। नोएडा खबर डॉट कॉम से बातचीत में यीडा के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने यह स्वीकार किया कि नया नाम रखने पर मंथन चल रहा है। यह नाम क्या होगा यह अभी तय नही है। सूत्रों की माने तो पश्चिमी यूपी के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र के नामकरण यमुना नदी के पर्यायवाची नाम होने से भारतीय संस्कृति और नदी के महत्व को बल मिलेगा। सूत्रों ने बताया कि जब जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुभारंभ पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे इससे पहले यीडा का नया नामकरण हो सकता है। यह चुनाव से पहले ही हो सकेगा।

वैसे हरियाणा में यमुना नगर के नाम से पूरा शहर है। कालिन्दी के नाम से नोएडा में ओखला बैराज के पास यूपी सरकार का छोटा सा टूरिस्ट स्पॉट है। इसी तरह आगरा में कालिन्दी विहार है। यमुना नदी का नाम कालिन्दी है। नोएडा खबर डॉट कॉम की यह विशेष खबर यीडा सिटी को नया नाम देने की मुहिम है। इसकी चर्चा जल्द जोर पकड़ेगी। आप भी कोई नाम सुझाकर भागीदार बन सकते हैं। उल्लेखनीय है कि जब 17 अप्रैल, 1976 को नोएडा प्राधिकरण स्थापित हुआ तब यह बुलंदशहर जिले का हिस्सा था। 14 नवम्बर 1976 को गाजियाबाद नया जिला बनने के बाद नोएडा नए जिले का हिस्सा बन गया। 6 मई 1997 में गौतमबुद्ध नगर जिला बनने के बाद यह क्षेत्र गाजियाबाद से निकलकर नए जिले का हिस्सा बना। 1991 में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गठन के समय यह गाजियाबाद जिले का हिस्सा था। कुछ हिस्सा बुलंदशहर में आता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी मंशा है कि भारतीय संस्कृति से जुड़े नाम पर शहरों के नाम रखे जाएं।

 19,823 total views,  2 views today

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published.

साहित्य-संस्कृति

चर्चित खबरें

You may have missed

Copyright © Noidakhabar.com | All Rights Reserved. | Design by Brain Code Infotech.