ग्रेटर नोएडा: प्राधिकरण ने भनौता में चलाया बुल्डोजर, 10,000 वर्ग मीटर अवैध निर्माण ध्वस्त; 20 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन अतिक्रमण मुक्त

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित ग्राम भनौता के खसरा संख्या 135 पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने बुल्डोजर चलाकर करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग की वर्क सर्कल-2 की टीम ने यह अभियान चलाया। महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने बताया कि प्राधिकरण को शिकायत मिली थी कि कुछ कालोनाइजर इस जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाकर प्लॉटिंग और अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई और अवैध संरचनाओं को मिट्टी में मिला दिया गया। दोबारा निर्माण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

एसीईओ सुमित यादव ने कहा, “अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए कोई भी अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण की तरफ से ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।” उन्होंने जनता से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि गाढ़ी कमाई अवैध कॉलोनी में न फंसे।यह कार्रवाई प्राधिकरण की अवैध अतिक्रमण और कालोनाइजेशन के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। हाल के महीनों में भनौता और आसपास के क्षेत्रों में ऐसी कई कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जहां हजारों वर्ग मीटर जमीन को मुक्त कराया गया है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को कोई राहत नहीं मिलेगी। स्थानीय निवासियों और निवेशकों ने इस कदम की सराहना की है, क्योंकि इससे क्षेत्र में अवैध विकास पर लगाम लगेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *