– ऑनलाइन गेमिंग एडिक्शन पर माता-पिता की आपत्ति के बाद कदम
गाजियाबाद, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना में तीन नाबालिग सगी बहनों ने अपनी आवासीय इमारत की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना भारत सिटी सोसाइटी (क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र, टीला मोड़ थाना) के टावर बी-1, फ्लैट नंबर 907 में मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे हुई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन गेमिंग की लत और माता-पिता की फटकार को मुख्य वजह बताया जा रहा है। मृतक बहनें गाजियाबाद निवासी चेतन कुमार की बेटियां थीं। चेतन कुमार इसी सोसाइटी में रहते हैं और परिवार के मुखिया हैं। पुलिस के अनुसार, परिवार में माता-पिता और ये तीन बेटियां मुख्य सदस्य थे। बहनें बेहद करीबी थीं और वे सब कुछ साथ करती थी। कोरोना महामारी के दौरान वे मोबाइल पर ज्यादा समय बिताने लगी थीं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई।
मृतक बहनों के नाम विशिका लगभग 16 वर्ष,प्राची — लगभग 14 वर्ष और पाखी — लगभग 12 वर्ष थे। तीनों बहनों ने हाथ पकड़कर बालकनी से छलांग लगाई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। गिरने की तेज आवाज से सोसाइटी के गार्ड और पड़ोसी जागे। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल पर कोई संघर्ष के निशान नहीं मिले, लेकिन पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
जांच और संभावित कारण
शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच जारी है। मुख्य संदेह एक टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत पर है। पुलिस के अनुसार कोरोना काल से बहनें गेमिंग में डूबी हुई थीं और स्कूल नियमित नहीं जा रही थीं। माता-पिता ने बार-बार गेम खेलने से मना किया और फटकार लगाई।
गेम के प्रभाव में वे खुद को ‘कोरियन प्रिंसेस’ मानने लगी थीं और भारतीय न होने का भ्रम पाल रही थीं। एक संक्षिप्त सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ‘मम्मी-पापा, सॉरी’ जैसे शब्द लिखे थे।
मोबाइल की चैट्स, गेम डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच हो रही है।
सामाजिक प्रभाव
यह घटना चेतन कुमार परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है और समाज में बच्चों की डिजिटल एडिक्शन, मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी तथा अभिभावकों की चुनौतियों पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय निवासी सदमे में हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है।
![]()
