नई दिल्ली,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
भारत मण्डपम (प्रगति मैदान) के हॉल नंबर 4, 5 और 6 में मंगलवार से चार दिवसीय इंडिया रबर एक्सपो 2026 की शुरुआत हो गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले हाल नम्बर 3 में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित किया और उसके बाद हाल नम्बर 5 में फीता काटकर एक्सपो का औपचारिक शुभारंभ किया।
ऑल इंडिया रबर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (AIRIA) द्वारा आयोजित यह 12वीं संस्करण की प्रदर्शनी 7 से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगी। एशिया की सबसे बड़ी रबर उद्योग प्रदर्शनी मानी जाने वाली इस एक्सपो में 400 से अधिक प्रदर्शक और लगभग 45,000 व्यापारिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। इसमें 14 देशों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी और विशेष पवेलियन भी शामिल हो रहे हैं।शुभारंभ समारोह में प्रमुख उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमे विक्रमपति सिंघानिया, अध्यक्ष, ACMA, अंशुमान सिंघानिया, प्रबंध निदेशक, जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज ,भावेश पांडेय, कार्यकारी निदेशक रिलायंस इंडस्ट्रीज,
आन्या गुप्ता, प्रेजिडेंट, (AIRIA), विपन मेहता, चेयरमैन, इंडिया रबर एक्सपो-2026 संजीव सिक्का, चीफ कन्वेनर, (IRE-2026),
मुकेश कक्कड़, को-कन्वेनर (IRE-2026) आदि मौजूद थे।
एक्सपो के साथ ही 7 से 9 अप्रैल तक इंटरनेशनल रबर कॉन्फ्रेंस (IRC) भी आयोजित हो रही है, जिसमें तकनीकी सेमिनार, विचार-विमर्श और उद्योग विशेषज्ञों की चर्चाएं शामिल हैं। एक्सपो में रबर उद्योग से जुड़ी नवीनतम मशीनरी, कच्चा माल, सिंथेटिक रबर, टायर प्रौद्योगिकी, ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, सस्टेनेबल समाधान और भविष्य की तकनीकें प्रदर्शित की जा रही हैं। यह मंच भारतीय रबर उद्योग को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने, नई साझेदारियां बनाने और नवाचार को बढ़ावा देने का प्रमुख प्लेटफॉर्म साबित होगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन के दौरान उद्योग जगत का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने रबर सेक्टर की बढ़ती क्षमता औरदिल्ली-एनसीआर को वैश्विक व्यापारिक केंद्र बनाने पर जोर दिया।
चीफ कन्वेनर संजीव सिक्का ने एक्सपो को लेकर कहा कि “यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसमें रबर उद्योग को नई तकनीक, ट्रेड और ग्लोबल स्तर पर अपने उत्पाद को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि 14 से अधिक देशों की भागीदारी, खासकर चीन जैसे प्रमुख बाजारों से, भारत को सोर्सिंग और मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख गंतव्य बनाने में मदद करेगी।
विपन मेहता, चेयरमैन, इंडिया रबर एक्सपो-2026 ने भी कहा कि यह आयोजन उद्योग नेताओं, नवप्रवर्तकों, नीति-निर्माताओं और हितधारकों को एक मंच पर लाकर विचारों का आदान-प्रदान, साझेदारियां और नए विकास के अवसर प्रदान करेगा।
एक्सपो रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। व्यापारिक आगंतुकों के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।यह एक्सपो भारतीय रबर उद्योग के लिए न केवल व्यापारिक अवसर बल्कि सस्टेनेबिलिटी, टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन और ग्लोबल कोलैबोरेशन का बड़ा मौका है।
![]()
