नोएडा प्राधिकरण की सकारात्मक पहल: सेक्टर 18 से 61 तक एलिवेटेड रोड पर लगेंगे नॉइज़ बैरियर

नोएडा। लोकसत्य।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने सेक्टर 18 से सेक्टर 61 तक की एलिवेटेड रोड पर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नॉइज़ बैरियर लगाने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला जनसुनवाई के दौरान सेक्टर 62 के निवासी पुष्कर चांदना की शिकायत पर लिया गया।
वर्क सर्किल-2 ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर जवाब दिया है।
सूत्रों के अनुसार, पुष्कर चांदना लंबे समय से इस मुद्दे पर लगातार लिखित पत्राचार कर रहे थे और ध्वनि प्रदूषण से स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानी को बार-बार उठा रहे थे।एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के हॉर्न, इंजन की आवाज और निरंतर ट्रैफिक की ध्वनि से सेक्टर 62 समेत आसपास के इलाकों में ध्वनि प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था। निवासी खासकर रात के समय और बुजुर्ग व बीमार लोग इस समस्या से बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे।
जनसुनवाई में पुष्कर चांदना की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद सीईओ कृष्णा करुणेश ने नॉइज़ बैरियर लगाने की स्वीकृति प्रदान की। प्राधिकरण के इस निर्णय का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया है।
निवासियों को मिलेगी राहत
नॉइज़ बैरियर लगने से एलिवेटेड रोड से फैलने वाली ध्वनि काफी हद तक रुकेगी। इससे एलिवेटेड रोड के आसपास के क्षेत्रों में शांत वातावरण बनेगा तथा निवासियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों में कमी आएगी। पुष्कर चांदना के निरंतर प्रयासों की सराहना की जा रही है। उन्होंने न केवल लिखित शिकायतें कीं, बल्कि जनसुनवाई के माध्यम से मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया।
नोएडा प्राधिकरण से अब यह उम्मीद की जा रही है कि नॉइज़ बैरियर लगाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि निवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।यह फैसला नोएडा के विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *