नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
एनसीआर की धरती पर 22 से 28 अक्टूबर तक इतिहास फिर से जीवंत होने वाला है। गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज का वह शौर्य, अटूट संकल्प और राष्ट्रभक्ति फिर से जागने वाली है, जो हर भारतीय के भीतर आग जला सकती है।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम भैया जी के नेतृत्व और प्रेरणा से होने वाला यह ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ सिर्फ एक मंचन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और साहस जगाने वाला एक शक्तिशाली आयोजन है। करीब 300 कलाकार हाथी, घोड़े, ऊँट और सिंहगढ़, प्रतापगढ़ व रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के साथ शिवाजी महाराज की वीरगाथा को जीवंत करेंगे। हर शाम 4:30 बजे से चार घंटे तक माता जीजाबाई के संस्कारों और समर्थ गुरु रामदास की शिक्षाओं को आप अपनी आँखों से देखेंगे और अपने दिल में महसूस करेंगे।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा, सत्यनारायण गोयल, प्रदीप मेहता, पंकज जिंदल, कुलदीप गुप्ता और मिशन के सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह पूरी टीम के साथ जुटे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की।
आशीष गौतम भैया ने बताया कि उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी के शामिल होने की संभावना है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और योगगुरु स्वामी रामदेव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति इस आयोजन को और भी प्रेरणादायक बनाएगी।
दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से लगभग सवा लाख लोग इस प्रेरणा यात्रा में शामिल होने वाले हैं। आयोजन स्थल पर शिव अवतरण मंडपम में नवरात्रि से 28 अक्टूबर तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक भी होगा। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा प्रकल्पों में लगाया जाएगा।यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है — यह अवसर है अपने भीतर छुपी उस शक्ति को जगाने का, जो शिवाजी महाराज के हर कदम में दिखती थी।आओ, गाजियाबाद के सनसिटी में 22 अक्टूबर से ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ की गूंज सुनो और डॉ. आशीष गौतम भैया जी के नेतृत्व में होने वाली इस प्रेरणा यात्रा का हिस्सा बनो।
