नोएडा की राजनीति: नोएडा की टूटी सड़कों-उबलते सीवर पर चर्चा: डीडी आरडब्ल्यूए की बैठक में शामिल होंगे नए चुनावी चेहरा मुकेश शर्मा

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
गौतमबुद्ध नगर जिले की बुनियादी समस्याओं को लेकर डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (डीडी आरडब्ल्यूए) फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक 4 अक्टूबर 2026 को रविवार सुबह 11 बजे प्रोमेथियस स्कूल, सेक्टर-131 में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नोएडा विधानसभा के नए चुनावी चेहरे और गौरी शिक्षा फाउंडेशन के संस्थापक एवं ट्रस्टी मुकेश शर्मा भी शामिल होंगे। यह स्कूल परिसर मुकेश शर्मा के ट्रस्ट द्वारा संचालित है।

फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बैठक में जिले की गंभीर नागरिक समस्याओं पर खुलकर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्य एजेंडा में टूटी हुई सड़कों की समस्या और उनके समाधान, उबलते सीवर की समस्या, जिले में बढ़ते प्रदूषण और उसके उपाय, बंद नालियों की समस्या तथा कानून-व्यवस्था व ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपाय शामिल हैं।

आयोजकों ने जिले की सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के सदस्यों के साथ-साथ सामाजिक सेवी संस्थाओं को भी बैठक में आमंत्रित किया है ताकि समस्याओं पर व्यापक चर्चा हो सके।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि उनकी मौजूदगी में नागरिक सुरक्षा, पुलिस-जन संवाद और प्राधिकरण की जिम्मेदारियों पर सीधा संवाद हो सके। मुकेश शर्मा की मौजूदगी से बैठक को खास महत्व दिया जा रहा है।

समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय मुकेश शर्मा हाल के दिनों में नोएडा की स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रिय दिख रहे हैं। उनकी सक्रियता होर्डिंग में भी दिखाई दे रही है। नोएडा विधानसभा से उन्हें बड़े राजनीतिक दल का सम्भावित प्रत्याशी के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि बैठक में नागरिकों और संस्थाओं के सुझावों को एक मंच पर लाकर अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।फेडरेशन ने सभी सम्मानित सदस्यों और समाज सेवी संस्थाओं से समय पर पहुंचकर बैठक में सक्रिय भागीदारी करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *