नोएडा,( नोएडा खबर डॉट कॉम)
जनता की बात सुनने के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए जनसंवाद न करने वाले कई पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरा दी।
रविवार को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा (FONRWA) कार्यालय में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ हुई लंबी गोष्ठी में कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्थानीय समस्याओं को विस्तार से सुना और फिर तुरंत कार्रवाई के आदेश दे दिए।जनसंवाद न करने पर सख्त एक्शन
- सेक्टर-110 के चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया।
- सेक्टर-49 के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया।
- फेस-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 के थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी जारी की गई।
- वर्तमान चौकी प्रभारी हरिदर्शन और पूर्व चौकी प्रभारी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच एवं विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बैठक में साफ कहा कि जनता से संवाद न करने और उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया रखने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
आरडब्ल्यूए की प्रमुख शिकायतें
बैठक में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने यातायात जाम, स्कूली बसों की अनियंत्रित पार्किंग, लावारिस वाहन, साप्ताहिक बाजारों की अव्यवस्था, पीजी/किरायेदारों का सत्यापन जैसी समस्याएं रखीं। कमिश्नर ने हर शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लिया।
महत्वपूर्ण निर्देश और नई पहल
- हर पुलिस उपायुक्त को महीने में कम से कम एक बार, थाना प्रभारी को 15 दिन में एक बार और चौकी प्रभारी को 7 दिन में एक बार आरडब्ल्यूए के साथ बैठक अनिवार्य।
- प्रत्येक पुलिस अधिकारी को अपने क्षेत्र का एक-एक पार्क गोद लेना होगा और उसकी सुरक्षा, साफ-सफाई एवं निगरानी की जिम्मेदारी खुद संभालनी होगी।
- यातायात सुधार, जाम वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस तैनाती, स्कूली बसों की अनियंत्रित पार्किंग पर कार्रवाई, लावारिस वाहनों की जांच, साप्ताहिक बाजारों में बेहतर व्यवस्था और किरायेदारों/पीजी का अनिवार्य पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश।
- संवेदनशील स्थानों पर नए सीसीटीवी लगाने और नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने का आदेश।
गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा जोन साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, यातायात प्रभारी अभय कुमार मिश्र, साइबर प्रभारी शैव्या गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा और विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच निरंतर संवाद ही सुरक्षित नोएडा का आधार है। बैठक जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने के संकल्प के साथ समाप्त हुई।