नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
विभिन्न आरडब्ल्यूए की लंबित नागरिक समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 से 5 के अंतर्गत आने वाली आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों तथा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में नोएडा प्राधिकरण के जनरल मैनेजर एस.पी. सिंह, डायरेक्टर हॉर्टिकल्चर आनंद मोहन, वरिष्ठ प्रबंधक प्रेम सेन, अनिल कुमार, आर.के. शर्मा, कपिल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पूर्व में आरडब्ल्यूए के साथ हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों एवं उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न सेक्टरों से संबंधित नई समस्याओं एवं विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।इस दौरान कई आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सेक्टरों में विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अनेक आवश्यक कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने जीएम सिविल एस.पी. सिंह से अनुरोध किया कि आरडब्ल्यूए द्वारा लंबे समय से उठाए जा रहे लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। महासचिव के.के. जैन ने बताया कि वर्क सर्किल-5 के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों के विकास कार्यों एवं लंबित समस्याओं की विस्तृत समीक्षा के लिए 23 जुलाई को अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक सेक्टर के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी।
जीएम एस.पी. सिंह ने बताया कि आरडब्ल्यूए द्वारा बताए गए अधिकांश विकास कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं तथा उन पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडब्ल्यूए के साथ नियमित समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि लंबित कार्यों पर शीघ्र कार्रवाई होने से विभिन्न सेक्टरों के निवासियों को राहत मिलेगी।
इस बैठक में प्रमुख आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों में योगेंद्र शर्मा, के.के. जैन, पवन यादव, विजय भाटी, अशोक कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह चौहान, प्रदीप वोहरा, श्याम सिंह यादव, जी.एस. सचदेवा, राजेश सिंह, अनीता, भूषण शर्मा, वीरेंद्र सिंह नागरकोटी, जंतर सिंह, सतनारायण गोयल, लक्ष्मी नारायण, गोविंद शर्मा, एन.के. जैन, आर.सी. गुप्ता, संजीव कुमार, नवनीत त्यागी, संजय शुक्ला, शरद जैन, मोहित गर्ग, राम लखन चौधरी, रामपाल भाटी, बालेश कुमार मित्तल, ब्रिग. वी.के. भट्ट, रामबीर सिंह यादव, उमेश, राहुल सिंह, डी.एस. रावत, दयानंद सिंह, एम.ए. खान, वी.के. कपूर, ज्योति डी. त्रिपाठी, गोरन अत्री, के.पी. सिंह, त्रिलोक सिंह, मदन लाल शर्मा, अमित चौहान, एम.पी. सिंह, विनोद चौधरी आदि मौजूद रहे।
