ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डिवाइडर तोड़कर ट्रक कार पर गिरा, 4 की मौत; चालक हिरासत में

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमे 4 लोगों की मौत हो गई।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के अनुसार नोएडा से आगरा की ओर जा रहा राजस्थान पंजीकृत ट्रक (RJ05GB5526) अचानक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने रेलिंग और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ की लेन में घुस गया और दिल्ली की ओर आ रही कार (DL9CBB0553) पर जा गिरा।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ये लोग रक्षाबंधन मनाने के बाद महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) से दिल्ली लौट रहे थे। चारों मृतकों में तीन महाराजगंज के रहने वाले बताए गए हैं। उनकी पूरी पहचान की पुष्टि की जा रही है।

सूचना मिलते ही जेवर पुलिस मौके पर पहुंची। फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। घायलों को तुरंत जीवन कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

एसीपी जेवर राजीव सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया। हादसे के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।

प्रारंभिक जांच में ट्रक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *