नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश ने मंगलवार को सफाई, अतिक्रमण, आईजीआरएस और निर्माण-मरम्मत कार्यों की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए। सभी वर्क सर्किलों को कहा गया कि अगले एक महीने में अवैध वेंडिंग जोन चिह्नित कर अनधिकृत वेंडर्स हटाए जाएं और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। अवधि बीतने के बाद कहीं अवैध वेंडर मिले तो संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
शहर के मुख्य मार्गों पर जीवीपी पॉइंट बनने और समय पर कूड़ा न उठाने के लिए डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी मेसर्स ए.जी. एनवायरो पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने का आदेश दिया गया। सैक्टर-43 में कॉम्पेक्टर पॉइंट के पास कूड़ा जमा मिलने पर एजेंसी पर जुर्माने के साथ स्वास्थ्य निरीक्षक की एक सप्ताह और सफाई सुपरवाइजर की एक माह की वेतन कटौती भी कही गई।
बैठक में अपर सीईओ वंदना त्रिपाठी और पुष्पराज सिंह सहित विशेष कार्याधिकारी व महाप्रबंधक मौजूद रहे।
निरीक्षण में मिली गंदगी के लिए सैक्टर-19 और निठारी में संबंधित संस्थाओं पर 5-5 लाख जुर्माना, उद्यान कर्मियों के वेतन कटौती और एक सुपरवाइजर की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए गए।
15 अक्टूबर तक सभी शौचालय चालू करने, बरौला व सैक्टर-138/140 के अवैध निर्माण तत्काल रोकने-ढहाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध पूरा करने के आदेश भी दिए गए।
