5 दिन तक अफसरों को नहीं दी जानकारी, थाने में दाखिल करने में देरी के दौरान चालक फरार
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने थाना फेस-2 की SOG टीम के प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दिल्ली से चोरी हुए एक ट्रक की बरामदगी की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों से छिपाने और थाने में औपचारिक रूप से दाखिल करने में हुई देरी के कारण की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, फेस-2 थाने की SOG टीम ने दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली से चोरी हुए सामान लदे ट्रक को थाना क्षेत्र में बरामद किया था। लेकिन टीम ने करीब पांच दिनों तक इस बरामदगी की सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी। जब ट्रक को थाने में दाखिल करने में देरी हुई तो उसका चालक मौके से फरार हो गया। दिल्ली पुलिस के संपर्क करने पर मामला सामने आया।
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया। उनके निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल प्रवीण रंजन सिंह ने छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सूत्रों के अनुसार निलंबित पुलिसकर्मियों के नाम
- SOG प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह
- उपनिरीक्षक विकास सिकरवार
- मुख्य आरक्षी आशीष कुमार
- मुख्य आरक्षी जुबेर रिजवी
- आरक्षी भूदेव
- आरक्षी आशू
कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। जांच आगे भी जारी है।
