खास खबर: बिजली के मुद्दे पर किसान नेता सुखबीर खलीफा ने छिजारसी, चोटपुर और पुश्ता पार क्षेत्र के लोगों से जुटने का किया आह्वान

-डूब क्षेत्र में बिजली संकट पर आर-पार की तैयारी, 6 सितंबर को महापंचायत

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

हिंडन डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर चल रहा विरोध अब आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान नेता सुखबीर खलीफा ने इस मुद्दे को लेकर 6 सितंबर को पुश्ता रोड पर विशाल महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है।

छिजारसी, चोटपुर और पुश्ता पार क्षेत्र में बिजली संकट से परेशान लोगों के समर्थन में भारतीय किसान परिषद ने किसानों, मजदूरों, युवाओं, स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों से महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। सुखबीर खलीफा ने कहा कि पुश्ता पार क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार वर्षों से रह रहे हैं और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए उन्हें लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए परिषद आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।

भारतीय किसान परिषद इससे पहले भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर चुकी है। फरवरी में सेक्टर-16 स्थित बिजली विभाग कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन और जून में चोटपुर क्षेत्र में पंचायत के माध्यम से बिजली-पानी की समस्या उठाई गई थी। परिषद के अनुसार 6 सितंबर को होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और स्थानीय लोग शामिल होंगे, जिससे डूब क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर आंदोलन और तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *