नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगेंगे डब्ल्यू मेटल बीम क्रैश बैरियर

-20 किमी लंबे रूट पर दोनों तरफ सर्विस रोड की सुरक्षा के लिए 4312.69 लाख रुपये मंजूर
नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा प्राधिकरण ने यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 20 किलोमीटर लंबाई में दोनों ओर स्थित सर्विस रोड के किनारे डब्ल्यू मेटल बीम क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इस परियोजना को मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 43 करोड़ 12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। निविदा आमंत्रित कर ली गई है और कार्य शीघ्र शुरू करने की तैयारी है।
क्यों जरूरी है यह प्रोजेक्ट?
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव काफी बढ़ने वाला है। सर्विस रोड पर वाहनों की संख्या पहले से ही अधिक है। सर्विस रोड के एक तरफ गहरी ग्रीन बेल्ट और दूसरी तरफ गहरी नाली होने के कारण वाहन अनियंत्रित होने पर ग्रीन बेल्ट या नाले में गिरने की आशंका रहती है। क्रैश बैरियर लग जाने से इन दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य के पूरा होने से सर्विस रोड पर यातायात सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
यह परियोजना नोएडा प्राधिकरण की सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आधुनिक, सुरक्षित शहरी अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्राधिकरण लगातार नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *