नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रुपम की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क लगाई जाएगी, जहां फॉर्म-6 भरने और पंजीकरण में मदद दी जाएगी।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। एकीकृत प्रारूप नामावली 12 नवंबर को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक ली जाएंगी। अंतिम नामावली 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता, खासकर युवा और पहली बार मतदाता बनने वाले, सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहें।
उन्होंने राजनीतिक दलों, आरडब्ल्यूए और एओए सोसाइटियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सहयोग करने की अपील की।बैठक में डिप्टी कलेक्टर अरूण कुमार, उप जिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता, दुर्गेश सिंह तथा भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि शामिल रहे।
