नोएडा में समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की आवाज, अखिलेश यादव से की भावुक अपील

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भावुक अपील करते हुए कहा है कि नोएडा में वर्षों से पार्टी के लिए तन, मन और धन से काम करने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान और राजनीतिक भविष्य का ध्यान रखा जाए।

कार्यकर्ताओं की तरफ से सपा नेता गौरव सिंघल का कहना है कि उन्होंने समाजवादी पार्टी को अपना परिवार मानकर काम किया है। चुनावों में प्रचार, संगठन को मजबूत बनाने और विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी के साथ खड़े रहने के लिए उन्होंने अपना समय और संसाधन समर्पित किए हैं। कई कार्यकर्ताओं ने परिवार और निजी जिम्मेदारियों से ऊपर पार्टी को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि पार्टी में नए लोगों का स्वागत होना चाहिए, लेकिन वर्षों से संघर्ष कर रहे पुराने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। किसी भी पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं, न कि केवल आर्थिक रूप से प्रभावशाली लोग।

अखिलेश यादव से प्रमुख मांगें

  • पुराने और समर्पित समाजवादी कार्यकर्ताओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
  • वर्षों से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को राजनीतिक अवसर दिए जाएं।
  • किसी पूंजीपति या प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में संगठनात्मक फैसले न लिए जाएं।
  • स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं और राय को महत्व दिया जाए।
  • 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुराने कार्यकर्ताओं को विश्वास में लिया जाए।

कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि नोएडा महानगर से किसी सक्रिय और पुराने कार्यकर्ता को ही उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव उनकी भावनाओं को समझेंगे और सकारात्मक निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *