नोएडा: दशहरा उत्सव में सेक्टर 48 में होगी अनूठी बाल रामलीला,  6 से 14 वर्ष के बच्चों के हाथ में होगी कमान

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर48 में आरडब्ल्यूए-बीसीडी ब्लॉक आगामी 20 अक्टूबर 2026 को भव्य दशहरा मेले का आयोजन करने जा रहा है। इस दौरान एक घंटे की ऐसी अनूठी रामलीला का मंचन होगा जिसमे 6 से 14 वर्ष तक के बच्चे अभिनय से लेकर मंच संचालन तक की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे।

यह जानकारी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संदीप कुमार जिंदल और महासचिव पवन गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि दशहरा मेले के दौरान विशालकाय रावण के पुतले का दहन, लंका दहन, आकर्षक एवं भव्य आतिशबाजी, सामूहिक डांडिया, पुरानी दिल्ली के स्वादिष्ट व्यंजन, मेले में आए दर्शकों की यादगार के लिए सेल्फी पॉइंट तथा खरीदारी के लिए आभूषण, गृह सज्जा की विभिन्न सामग्री और वस्त्रों के स्टॉल्स मुख्य आकर्षण होंगे।

आयोजन समिति की सदस्य शिल्पा मिश्रा ने बताया कि रामलीला में भाग लेने वाले सभी बच्चों को एक महीने से प्रैक्टिस कराई जा रही है। इस रामलीला में बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही डांडिया डांस में भी पारंपरिक परिधान में बेस्ट परफॉर्मेंस के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। गत वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी न केवल सेक्टर 48 अपितु आसपास के सेक्टरों के हजारों लोग इस भव्य मेले का आनंद लेंगे। इसके लिए 1000 परिवारों एवं आसपास की सभी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को निमंत्रण पत्र भी भेजे जा रहे हैं।
इस अवसर पर राजीव लोचन, सीके गर्ग, समीर कथूरिया, प्रेम शर्मा, कपिल शर्मा व मनोज गोयल आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *