नोएडा सेक्टर-18 में हाई वोल्टेज ड्रामा: मामूली विवाद पर कैब चालक ने दो युवकों को बोनट पर लटकाकर दौड़ाई कार

नोएडा( नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर-18 के व्यस्त इलाके में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद एक कैब चालक ने दो युवकों को कार के बोनट पर लटकाए रखकर गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लाल और एक काली टी-शर्ट पहने दो युवक कार के बोनट पर लटके हैं। वे खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन चालक गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ाता नजर आता है। भीड़भाड़ वाली सड़क पर अन्य वाहन टक्कर से बचते दिखाई देते हैं। कुछ देर बाद जाम की स्थिति बनने पर कार रुकती है। इसके बाद एक युवक नीचे उतरकर दरवाजा खोलने की कोशिश करता है। कार के पीछे एक और युवक भागता भी दिखता है।

मामला थाना सेक्टर-20 क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। थाना पुलिस ने टीम गठित कर साक्ष्य जुटाने और जांच शुरू कर दी है। पुलिस कैब और चालक की पहचान के लिए वाहन को ट्रेस कर रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि युवकों और चालक के बीच विवाद की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। घटना से सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *