ग्रेटर नोएडा: थाना कासना पुलिस ने नाबालिग बच्चे के अपहरण-तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार, मुठभेड़ में 3 घायल, बच्चा सकुशल बरामद

ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना कासना पुलिस ने एक नाबालिग बच्चे के अपहरण और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ में तीन अभियुक्त घायल हुए, जबकि कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सराहनीय कार्रवाई का विवरण देते हुए बताया कि मामले में कार, मोटरसाइकिल, 2.22 लाख रुपये नकद और तीन अवैध तमंचे भी बरामद हुए हैं।

घटना का विवरण
डीसीपी सिंह ने बताया कि 14 अक्टूबर को थाना कासना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अक्टूबर को उनका करीब छह वर्षीय बेटा घर से खेलते समय गायब हो गया। सूचना मिलते ही मुकदमा संख्या 207/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया और बच्चे की तलाश शुरू हुई।

पुलिस कार्रवाई और मुठभेड़
17 अक्टूबर को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम डाढ़ा के पास बच्चा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में कार में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने ग्राम डाढ़ा गोलचक्कर के पास चेकिंग की। एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पीछा करने पर कार पेड़ से टकराकर रुक गई। अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में तीन अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई।
गिरफ्तारी और बरामदगी
मुठभेड़ में घायल अभियुक्तों की निशानदेही पर विकास और नकुल को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों की निशानदेही पर पुष्पा और कमलेश नामक दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। महिलाओं के कब्जे से अपहृत नाबालिग बच्चा और 32,800 रुपये नकद बरामद हुए। कुल मिलाकर घटना में प्रयुक्त ऑरा कार (UP23BT5621), स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (HP12M0780), 2.22 लाख रुपये नकद, तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में खुलासे
डीसीपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि अंकित और नकुल ने 13 अक्टूबर की शाम काशीराम अस्पताल के सामने पुस्ते से मोटरसाइकिल के जरिए बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद गुरमीत, सुमित और विकास के साथ मिलकर बच्चे को गाजियाबाद ले जाकर अपने कमरे में रखा गया। पुष्पा के कहने पर योजना बनाई गई थी और कमलेश ने बच्चे को खरीदने के बदले पैसे देने की बात कही। बरामद रकम उसी सौदे का हिस्सा बताई गई।

गिरफ्तार अभियुक्त
गुरमीत सिंह (27 वर्ष), सुमित कुमार (26 वर्ष), अंकित कुमार (25 वर्ष), विकास (25 वर्ष), नकुल (18 वर्ष) — सभी मूल रूप से अमरोहा के निवासी हैं और कासना/सेक्टर-68 क्षेत्र में रहते थे। महिलाएं पुष्पा (33 वर्ष) और कमलेश (55 वर्ष) भी गिरफ्तार हैं।पंजीकृत मुकदमे
थाना कासना में मुकदमा संख्या 207/2026 (धारा 137(2)/143(4)/3(5)/61(2) बीएनएस) और मुकदमा संख्या 211/2026 (धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट) दर्ज किए गए हैं। डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *