नोएडा में डॉक्टर दंपती पर 24 करोड़ की ठगी का आरोप, अफसरों का करीबी बताकर फंसाया, रकम मांगने पर मिली धमकी

नोएडा। लोकसत्य।
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने के नाम पर एक किसान से करीब 24 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर दंपती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि दंपती ने खुद को लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर पीड़ित को जाल में फंसाया और रकम वापस मांगने पर धमकाने लगे।

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र के अनुसार, रोहिलापुर गांव के निवासी मनोज कुमार की शिकायत पर एक्सप्रेसवे थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायत के मुताबिक, बुलंदशहर निवासी डॉक्टर नितेंद्र और उनकी पत्नी राबिन गौर ने मनोज कुमार से जेएस हॉस्पिटल के लिए किराये पर जगह ली थी। मनोज के परिवार को जमीन अधिग्रहण के मुआवजे में बड़ी रकम मिली थी। किरायेदारी के दौरान मेल-जोल बढ़ा और दिसंबर 2022 से नवंबर 2025 के बीच डॉक्टर दंपती ने उन्हें कई योजनाओं के नाम पर पैसे देने को कहा।

आरोपियों ने एयरपोर्ट में कमर्शियल स्पेस, यमुना प्राधिकरण में मेडिकल डिवाइस पार्क, सेक्टर-61 में प्लॉट, किसान आबादी प्लॉट और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने फर्जी फोन कॉल और अधिकारियों के नाम पर बैठकों का नाटक कर विश्वास हासिल किया। अलग-अलग किस्तों में करीब 24 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए। इसके अलावा मनोज के पैसे से 600 वर्ग मीटर का एक प्लॉट अपने नाम कराकर उसे 8 करोड़ में बेच भी दिया।

पीड़ित का आरोप है कि ठगी की रकम से डॉक्टर दंपती ने नोएडा में आलीशान विला खरीदा और बुलंदशहर में अस्पताल खड़ा किया। जब मनोज ने दुकान और प्लॉट की मांग की तो टालमटोल की गई। बाद में कहा गया कि सारा पैसा अधिकारियों को दे दिया गया है और अब वापस नहीं मिलेगा।

रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई और पीछा करने के लिए गुंडे भी लगाए गए।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *