ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 द्वारा हर रविवार को सेक्टरवासियों की समस्याओं को सुनने के लिए आयोजित जनसुनवाई में रविवार को अवैध रूप से चल रहे पीजी और गेस्ट हाउस का मुद्दा प्रमुखता से उठा। स्थानीय निवासियों ने इनमें रहने वाले कुछ छात्रों के अभद्र व्यवहार, हुड़दंग और रात के समय शराब पीकर घूमने जैसी गतिविधियों से गंभीर परेशानी जताई है।
जनसुनवाई के दौरान निवासियों ने बताया कि सेक्टर में कई पीजी बिना उचित नियमों और व्यवस्थाओं के संचालित हो रहे हैं। इनमें रहने वाले कुछ छात्र-छात्राओं द्वारा आसपास के लोगों के साथ गलत व्यवहार करने, शोर-शराबा मचाने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियां करने की शिकायतें सामने आईं। इससे सेक्टर के शांतिपूर्ण वातावरण और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 की अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेन्द्र भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से सेक्टर में संचालित सभी पीजी की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध रूप से चल रहे पीजी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
शासन-प्रशासन और पुलिस विभाग से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।आरडब्ल्यूए का कहना है कि सेक्टर में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए। पड़ोसियों को परेशान करना, अभद्र व्यवहार करना या सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियां करना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने कहा कि आरडब्ल्यूए हमेशा सेक्टर की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहती है। रविवार की जनसुनवाई के माध्यम से निवासियों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाता है। आरडब्ल्यूए ने संबंधित विभागों से शिकायतों पर समय पर कार्रवाई कर सेक्टर में व्यवस्था और सुरक्षा को बेहतर बनाने की मांग की है।
