नोएडा: ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर नोएडा क्षेत्रीय कार्यालय में विविध कार्यक्रम, नियोक्ताओं से संवाद और स्वच्छता अभियान

नोएडा,( नोएडा खबर डॉट कॉम)

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 74वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय, नोएडा ने कर्मचारी हितों, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता और जन-जागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।

स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत नियोक्ताओं के साथ एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा के महत्व, कर्मचारी भविष्य निधि से संबंधित प्रावधानों और नियोक्ताओं की अनुपालन संबंधी जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। संगोष्ठी का उद्देश्य नियोक्ताओं और ईपीएफओ के बीच संवाद को मजबूत करना तथा कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर नोएडा के एनईए भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय न्यासी मंडल (सीबीटी) के सदस्य गिरीश आर्य और क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I सुयश पांडे उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के प्रतिभागियों को दोनों ने सम्मानित किया। पिछले वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय कार्यालय, नोएडा के कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया।

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए सेक्टर-23, नोएडा स्थित पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जन-जागरूकता के लिए नोएडा के सेक्टर-18 स्थित अट्टा मार्केट के डिजिटल विज्ञापन बोर्ड पर ईपीएफओ की ई-नॉमिनेशन सुविधा और ईपीएफ की वेतन सीमा 15,000 से बढ़ाकर 25,000 किए जाने के प्रस्ताव से संबंधित विज्ञापन प्रदर्शित किए गए। स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के भवन को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय, नोएडा ने कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा, नियोक्ता सहभागिता, उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन, स्वच्छता और जन-जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *