ग्रेटर नोएडा में पुलिस की बकरा चोर गैंग से मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, साथी फरार

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना जारचा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बकरा चोर गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी फरार हो गया
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सन्तोष कुमार ने बताया कि जारचा पुलिस प्यावली डैम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार बदमाश रुकने के बजाय तेजी से मोड़कर भागने लगा।
एडीसीपी संतोष कुमार के अनुसार, पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने स्वयं को घिरा देखकर मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू पुत्र राजेन्द्र, निवासी ग्राम जगन्नाथपुर, थाना गुन्नौर, जनपद संभल, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा (एक जिंदा और एक खोखा कारतूस सहित) तथा चोरी के बकरे बेचकर मिले 7560 रुपये बरामद किए। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
एडीसीपी ने बताया कि बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल के साथ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।पूछताछ में पता चला कि घायल अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला एक संगठित गैंग चलाता था। गैंग के सदस्य मोटरसाइकिल से विभिन्न इलाकों में घूमकर उन स्थानों को चिह्नित करते थे जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात के समय चार पहिया वाहन से पहुंचकर बकरे चुरा लेते और दिल्ली में बेच देते थे। बिक्री से मिले पैसे आपस में बांट लेते थे।
अभियुक्त और उसके गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल सहित दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कई बकरा चोरी की घटनाएं अंजाम दी हैं।एडीसीपी संतोष कुमार ने अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी साझा किया। उसके खिलाफ बुलंदशहर, बदायूं, कासगंज, संभल और गौतमबुद्धनगर सहित कई थानों में चोरी, आयुध अधिनियम और अन्य धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार साथी को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *