–
एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को सेक्टर-78 स्थित ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर वर्क सर्किल-6 की टीम द्वारा भू-विभाग और नोएडा पुलिस के सहयोग से की गई।
मौके पर ग्रीन बेल्ट की भूमि पर अवैध रूप से बने टीन शेड, दुकानें और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ व्यक्तियों ने विरोध और उपद्रव किया तथा प्राधिकरण की कार्रवाई में बाधा डाली। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण की सरकारी जेसीबी मशीन पर हमला कर दिया, जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद पुलिस बल ने उपद्रव करने वाले व्यक्तियों को हिरासत में लिया। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की भूमि, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशानुसार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमणकर्ताओं को चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर कोई अवैध कब्जा या निर्माण न करें और सरकारी कार्य में बाधा डालने या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें, अन्यथा कठोर ध्वस्तीकरण के साथ-साथ दंडात्मक और विधिक कार्रवाई की जाएगी
नोएडा
