बाल दिवस पर नोएडा में अनाथ आश्रम के बच्चों को मिला आउटस्टैंडिंग टैलेंट अवार्ड, चार विभूतियों का भी हुआ सम्मान

नोएडा। लोकसत्य।
बाल दिवस के अवसर पर साहित्य सदन, बरोला सेक्टर-49 में एक भव्य शब्दावली कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ‘साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन’ और ‘शब्दावली दर्पण न्यूज़’ के संयुक्त बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में अनाथ आश्रम के मेधावी बच्चों को ‘आउटस्टैंडिंग टैलेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व अधिकारी डॉ. देवव्रत शर्मा ‘अयन’ ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार आनंद क्रांति वर्धन रहे, जबकि मंच संचालन नूतन अग्रवाल ने किया। गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में ‘चार दिशाएं’ के चीफ एडिटर राजकुमार शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बेंगलुरु से पधारी साहित्यकार रीता सिंह, यू.के. भारद्वाज और किशोर श्रीवास्तव शामिल रहे। कार्यक्रम का संयोजन फेडरेशन की उपाध्यक्ष किरन सिंह ‘किरण’ ने किया।
इस मौके पर अनाथ आश्रम के बच्चों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, मेडल और उपहार देकर विधिवत सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जनहित में विशेष कार्य करने वाली चार विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। समाज सेवा के लिए डॉक्टर शेखर विश्वास और डॉक्टर सोनाली कटारिया, भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना गुरु अनुराधा शर्मा तथा साहित्यिक क्षेत्र में प्रबुद्ध साहित्यकार डॉ. विक्रम गौड़ ‘रसिक’ को उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया।बच्चों की प्रतिभा प्रदर्शन ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों सहित सभी ने बच्चों की प्रतिभा की खुलकर सराहना की।
कवि सम्मेलन में मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, भिवानी (हरियाणा), आगरा और एनसीआर के लगभग तीन दर्जन कवियों ने विभिन्न विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कीं। श्रोताओं की तालियों की गड़गड़ाहट कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण बनी।फेडरेशन के चेयरपर्सन, पूर्व राजपत्रित अधिकारी एवं भारत सरकार से सम्मानित कवि-लेखक पं. साहित्य चंचल ‘साधक’ ने भविष्य में भी साहित्य एवं समाज हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई और सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *