ब्रेकिंग न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में डेढ़ करोड़ का 177 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

-बादलपुर पुलिस व ANTF टीम ने अम्बेडकर पार्क के पास ट्रक से किया बड़ा खुलासा

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की थाना बादलपुर टीम और ANTF (Anti Narcotics Task Force) ने लोकल व मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर अवैध गांजे की तस्करी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अम्बेडकर पार्क के सामने से गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा और एक ट्रक (बिना बॉडी) बरामद हुआ है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना बादलपुर पुलिस और ANTF टीम ने तस्करी की जानकारी हासिल की और मौके पर कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान पुत्र बसीर (उम्र करीब 31 वर्ष) और आसिफ पुत्र सगीर (उम्र करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम जिले के थाना सोहना, गांव सांचोली के रहने वाले हैं। दोनों ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। इरफान ट्रक मालिक व ड्राइवर है, जबकि आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता था।

तस्करी का तरीका
अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा राज्य से गांजा लेकर गुरुग्राम ले जा रहे थे। गांजे को ट्रक के नीचे टूल बॉक्स के पास एक खास कैविटी बनाकर छिपाया गया था, जो देखने में डीजल टैंक जैसी लगती थी। इसे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिलीवर किया जाना था। दोनों अभियुक्तों पर पहले भी असम राज्य में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है और वे जेल जा चुके हैं। इसकी पुष्टि की जा रही है।

डीसीपी ने बताया कि थाना बादलपुर में मुकदमा संख्या 367/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और तस्करी के बड़े नेटवर्क की तलाश जारी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। बादलपुर पुलिस और ANTF टीम की इस सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *