गौतमबुद्ध नगर: तीनों प्राधिकरणों पर महापंचायत करेगी भारतीय किसान यूनियन, नोएडा में समीक्षा बैठक में बनी रणनीति

नोएडा।नोएडा खबर डॉट कॉम।
   गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नोएडा में आयोजित समीक्षा बैठक में तय किया गया कि जिले की तीनों प्राधिकरणों — नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण — पर चरणबद्ध तरीके से किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
आज कार्यालय नलगढा में हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता सवेरा मास्टर ने की, जबकि संचालन जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर और सुनील प्रधान ने किया। बैठक में जिले के सभी तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में किसानों की समस्याओं की समीक्षा की गई और महापंचायत की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा, “किसान अब सिर्फ आश्वासन से नहीं मानेंगे। तीनों प्राधिकरणों के अधिकारी और शासन किसान की जमीन पर विकास तो कर रहे हैं, लेकिन किसान को उसका हक नहीं दे रहे। 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, रोजगार और उचित मुआवजा हमारा अधिकार है, कोई भीख नहीं। हमने बहुत बार वार्ता की, ज्ञापन दिए, शांतिपूर्ण तरीके से बात रखी। लेकिन जब तक लिखित में फैसला नहीं होगा, तब तक आंदोलन रुकेगा नहीं।
अब महापंचायत के माध्यम से किसान अपनी ताकत दिखाएगा। जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक भी जाएंगे।”उन्होंने जिले के सभी किसानों, नौजवानों और पदाधिकारियों से एकजुट होकर महापंचायत में पहुंचने की अपील की।जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि समीक्षा बैठक में साफ हो गया है कि संगठन पूरी तरह तैयार है। गांव-गांव में संपर्क अभियान चलाया जाएगा और हर गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ किसान महापंचायत में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, “प्राधिकरणों की मनमानी अब नहीं चलेगी। एक तरफ किसान की जमीन सस्ते में ली जाती है, दूसरी तरफ उसी किसान को अपने ही प्लॉट के लिए सालों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं। ये अन्याय अब बर्दाश्त नहीं होगा।”
सुरेंद्र नागर ने प्रमुख मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड का तत्काल आवंटन, बैकलीज/पुश्तैनी आबादी का निस्तारण, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और नए कानून का लाभ, प्रभावित किसान परिवारों को रोजगार तथा गांवों में सड़क, नाली, पानी, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने न्यू नोएडा सहित तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों के किसानों की लंबित समस्याओं का भी उल्लेख किया।महापंचायत की तारीख और स्थान की घोषणा जल्द ही संगठन द्वारा आधिकारिक रूप से की जाएगी। मीडिया के माध्यम से सभी किसानों तक सूचना पहुंचाई जाएगी।
समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों ने गांव स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर राजे प्रधान, राजीव मलिक, संदीप एडवोकेट, जितेंद्र बैरागी, गौरव बैरागी, अनिल, राकेश, बिट्टू भाटी, प्रेम सिंह चंदीला, मास्टर सुबे राम, धर्मपाल सिंह स्वामी, वीरपाल सिंह, योगेश भाटी, बेली भाटी, सुंदर, ऋषि शर्मा, नागेश कुमार, श्रीपाल मलिक, योगेश, सत्येंद्र, अमित जैलदार, पंकज शर्मा, अर्जुन यादव, अतुल चौहान, ललित नंबरदार, भारत प्रधान, कपिल तंवर, अमित डेढा, प्रदीप डेढा, दीपक, नीरज कुमार सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, सोनू भड़ाना, सोनू बैसला, धर्मेंद्र चपराना, गुलफाम, इस्माइल, मोती, नीरज भाटी, संजू, टीटू बैसला, संजू मोरना सहित सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *