-13 दिसंबर को भूमि पूजन, मां सुरकंडा देवी की थीम पर सजेगा मंच;
-13 जिलों के 150 से अधिक लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, AI तकनीक से जुड़ेगा पूरा मेला
नोएडा।नोएडा खबर डॉट कॉम।
दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख उत्सव महाकौथिग इस वर्ष अपने 16वें संस्करण में नए स्वरूप और आधुनिक तकनीक के साथ आयोजित होने जा रहा है। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 19 से 27 दिसंबर 2026 तक नौ दिवसीय महाकौथिग-2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की औपचारिक शुरुआत के लिए 13 दिसंबर 2026 को विधिवत भूमि पूजन किया जाएगा।
16वें महाकौथिग की तैयारियों को लेकर रविवार को नोएडा स्टेडियम में आयोजन समिति पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाकौथिग की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने की। बैठक में मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान, संस्थापिका एवं स्वर कोकिला कल्पना चौहान सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में नौ दिवसीय मेले की विस्तृत रूपरेखा, मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधाओं पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि महाकौथिग उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, धार्मिक परंपराओं, रीति-रिवाजों, हस्तशिल्प, औद्योगिक विकास और सामाजिक एकता का अनूठा संगम है। इस वर्ष मंच का स्वरूप मां सुरकंडा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान की थीम पर तैयार किया जाएगा।
इस वर्ष उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से 150 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की समृद्ध विरासत को दिल्ली-एनसीआर के दर्शकों के सामने जीवंत किया जाएगा। प्रत्येक शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहेगी। मेले की स्मारिका और 12 पृष्ठों के विशेष आमंत्रण पत्र का प्रकाशन भी किया जाएगा।
महाकौथिग की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने उत्तराखंड के सभी प्रवासियों और संस्कृति प्रेमियों से अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा सामूहिक एकजुटता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
प्रमुख आयोजन: 16वां महाकौथिग-2026
आयोजक: पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था
स्थान: नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए, नोएडा
भूमि पूजन: 13 दिसंबर 2026
मेला अवधि: 19 से 27 दिसंबर 2026
समय: प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक
महाकौथिग का मूल उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना और दिल्ली-एनसीआर में देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाना है।
