ग्रेटर नोएडा: एक वोट बचाना ही संविधान बचाना है: 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा निकालेगी कांग्रेस, गौतमबुद्ध नगर से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कार्यकर्ता

 ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में ‘संविधान रक्षा यात्रा’ आयोजित करेगी। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की है। उन्होंने कहा, “भारत का लोकतंत्र एक वोट की बुनियाद पर खड़ा है। जिस दिन इस देश के अंतिम व्यक्ति का वोट असुरक्षित हो जाएगा, उसी दिन हमारा लोकतंत्र भी असुरक्षित हो जाएगा। एक वोट बचाना ही संविधान बचाना है।”
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित शांतिपूर्ण यात्रा नेहरू भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से शुरू होकर एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज पहुंचेगी, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर इसका समापन होगा। यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा वरिष्ठ सांसदों और विधायकों द्वारा किया जाएगा। इसमें कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के शामिल होने की संभावना है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के खिलाफ नहीं है, लेकिन शुद्धिकरण के नाम पर किसी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित किए जाने का विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि SIR के तीन चरणों में देशभर में लगभग 13 करोड़ 39 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकायों (लगभग 16.77 करोड़) और विधानसभा (13.58 करोड़) की मतदाता सूचियों के बीच बड़े अंतर पर भी चिंता जताई।उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में हुए बदलाव पर भी सवाल उठाए। भाटी ने कहा कि संविधान किसी सरकार या राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों की सामूहिक आस्था का दस्तावेज है।
जिला अध्यक्ष ने गौतमबुद्ध नगर के दादरी, जेवर और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले नागरिकों से 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित इस शांतिपूर्ण यात्रा में शामिल होने की अपील की।पत्रकार वार्ता में जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ चेयरमैन अरुण भाटी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ चेयरमैन धर्म सिंह, सेवादल मुख्य संगठक सतीश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, नीरज लोहिया और जिला कार्यालय प्रभारी सचिव सुबोध भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *