नोएडा खबर

खबर सच के साथ

नोएडा में जगह जगह कचरा देख सीईओ डॉ लोकेश एम का मुड़ हुआ खराब, ठेकेदार और अफसरों पर गिरी गाज, निलंबन से चेतावनी तक

1 min read

नोएडा, 28 मार्च।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ लोकेश एम गुरुवार को नोएडा शहर की कई सेक्टर में घूमने के लिए निकले। सड़क से लेकर गलियों तक जन स्वास्थ्य विभाग के कार्य में लापरवाही मिली। इसे देख सीईओ का मूड खराब हो गया और उन्होंने दो स्वास्थ्य निरीक्षकों को निलंबित करने, 2 ठेकेदारों पर 20 लाख रुपए की पेनल्टी, कुछ कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने,संविदा पर तैनात इंजीनियर की सेवा 6 महीने के लिए स्थगित करने और सम्बंधित सर्किल के प्रभारी इंजीनियर को चेतावनी दी।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा नौएडा के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया गया तथा शहर की साफ-सफाई, अनुरक्षण कार्यों की स्थिति आदि की समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा मुख्यतः सैक्टर-8,11,12,22,55, 56, 57, 58, 59, 62, 70, 71, खोड़ा रोड, सैक्टर-56-57 से होते हुए सैक्टर-12-22 रोड, एम.पी. 1 मार्ग आदि स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय द्वारा सुधारात्मक कार्यवाही हेतु विभिन्न निर्देश दिये गये।

जगह जगह लापरवाही दिखी

उद्योग मार्ग पर सैन्ट्रल वर्ज की स्थिति ठीक नहीं पायी गई, जिसको ठीक कराने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-8 व 11 में सेन्ट्रल वर्ज में समुचित Earth Filling हेतु उद्यान विभाग को निर्देशित किया गया। सैक्टर-8 की तरफ मार्ग पर C&D Waste पड़ा हुआ पाया गया, जिसको तत्काल हटवाने हेतु जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया तथा C&D Waste डालने वाले के विरुद्ध नोटिस निर्गत किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-8 व 11 के मध्य टी-जंक्शन का सुधारीकरण कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-11 में ड्रेन के कवर एक लेवल में नहीं पाये गये, जिसको ठीक कराने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-11 में बस स्टॉप को ठीक कराया जाये।

नौएडा के समस्त फुटपाथों पर Grass Cleaning करने हेतु निर्देशित किया गया। नौएडा के मार्गों पर निर्मित समस्त फुटपाथों का सुधारीकरण कराये जाये। विभिन्न स्थलों पर पाया गया कि फुटपाथ, चौराहों एवं तिराहों पर परस्पर कनेक्ट नहीं है, जिसको अभियान्त्रिकी दृष्टिकोण से परीक्षण करते हुए इस प्रकार विकसित किया जाये कि उक्त फुटपाथ चौराहों एवं तिराहों पर आपस में कनेक्ट हों, जिससे कि जनमानस को एक रोड से दूसरी रोड पर जाने में असुविधा न हो।

सैक्टर-55,56,57 के चौराहे पर फाउन्टेन क्रियाशील नहीं पाया गया, जिस हेतु विद्युत/यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया। सैक्टर-58-57 व 54 के मध्य मार्ग पर मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, जिसके कारण सड़क पर धूल उड़ रही है, जिससे जनमानस को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उद्यान विभाग को उक्त कार्य तत्काल पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।

सैक्टर-58-59 में विभिन्न स्थानों पर खुली हुई केबिल पायी गई, जिसको ठीक कराने हेतु विद्युत/यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया। सैक्टर-58-59 के सामने मार्ग पर फुटपाथ बनाये जाने की आवश्यकता प्रतीत हुई, जिसको बनाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।

सैक्टर-62 में सेन्ट्रल वर्ज का कार्य प्रगतिरत पाया गया, जिसको तत्काल बन्द करने तथा उक्त सेन्ट्रल वर्ज को यथास्थिति में रखने हेतु निर्देश दिये गये। ग्राम नवादा से फोर्टिस हॉस्पिटल तक फुटपाथ के कर्व स्टोन क्षतिग्रस्त / टूटे हुए पाये गये, जिनको ठीक कराने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त कुछ स्थलों पर रखी स्लैब असमतल पायी गई, जिसे समुचित रूप से रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

सैक्टर-62 में विभिन्न स्थलों पर Garbage पाया गया, जिसकी तत्काल सफाई कराने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-62 में मार्गों के Curves को सुगम बनाने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-62 में फोर्टिस हॉस्टिल के समीप खाली पड़ी भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर विचार करने हेतु निर्देशित किया गया। विभिन्न मार्गों पर Debris पड़ी हुई पायी गई, जिसको सिविल एवं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा परस्पर समन्वय करते हुए तत्काल हटवाया जाये। सैक्टर-62, 58 व 59 एवं अन्य सैक्टरों में में सफाई व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं पायी गई, विभिन्न स्थलों पर समुचित Grass Cutting नहीं की जा रही, नालों में फ्लोटिंग मैटेरियल पाया गया, जिसकी तत्काल सफाई कराये जाने हेतु निर्देशित किया। मार्गों पर विभिन्न स्थलों पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े पाये गये, जिनको तत्काल हटवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-58-खोड़ा रोड पर नालियों पर स्लैब सही ढंग से नहीं रखे पाये गये, जिनको ठीक कराने हेतु निर्देशित किया गया। सैक्टर-57 मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कों पर ह्यूम पाईप पड़े हुए, क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर खड़े पाये गये, जिनको हटवाने हेतु निर्देशित किया गया।

लगी पेनल्टी और विभागीय एक्शन

विभिन्न स्थलों पर सफाई व्यवस्था समुचित नहीं पाये जाने के दृष्टिगत सम्बन्धित संविदाकार मै० सतपाल नागर, मै० औसान, मै० एम.बी.सी., मै० वर्म इण्डिया पर रु० 10-10 लाख की पेनल्टी अधिरोपित करने एवं उक्त संविदाकारों को ब्लैक लिस्ट हेतु नोटिस निर्गत किये जाने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित स्वास्थ्य निरीक्षक श्री गोपाल कृष्ण शर्मा एवं श्री जगपाल सिंह के निलम्बन की कार्यवाही करने हेतु एवं सम्बन्धित सहा० परियोजना अभियन्ता को कडी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त सैक्टर-62 में सिविल सम्बन्धी रख-रखाव की स्थिति दयनीय पायी गई, जिसके दृष्टिगत वर्क सर्किल 4 में संविदा पर कार्यरत उक्त स्थलों से सम्बन्धित अवर अभियन्ता की सेवायें छः माह के लिए स्थगित रखने हेतु निर्देशित किया गया।

सैक्टर-12 एवं 56 के मध्य ट्राईपोड में सुधारात्मक विकास कराये जाने हेतु उद्यान विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही सैक्टर-22, ग्राम चौड़ा, एम.पी.-1 के टी-प्वाईंट पर ट्रैफिक जाम अत्यधिक पाया गया, जिसको सुगम करने हेतु प्रयास किये जाने हेतु निर्देशित किया गया तथा उक्त टी-प्वाईंट पर निर्मित फुटपाथ का सुधार किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त एम.पी. 1 मार्ग पर बस स्टॉप की स्थिति दयनीय पायी गई, जिसको हटवाने हेतु अथवा सही ढंग से अनुरक्षण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ लोकेश एम द्वारा निर्देशित किया गया कि जिस रूट पर आज निरीक्षण किया गया है, उस रूट पर पुनः निरीक्षण किया जायेगा तथा निरीक्षण के दौरान आज दिये गये निर्देशों पर कार्यवाही परिलक्षित होनी चाहिए। आगामी निरीक्षण के दौरान समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण निर्देशों की अनुपालन आख्या वर्तमान एवं पश्चात के फोटोग्राफ्स सहित प्रस्तुत करेंगे।

समुचित अनुपालन नहीं किये जाने की दशा में सम्बन्धित वरिष्ठ प्रबन्धक / परियोजना अभियन्ता/उप निदेशक, प्रबन्धक / सहा० परियोजना अभियन्ता/सहा० निदेशक, अवर अभियन्ता / निरीक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।

 6,929 total views,  2 views today

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published.

साहित्य-संस्कृति

चर्चित खबरें

You may have missed

Copyright © Noidakhabar.com | All Rights Reserved. | Design by Brain Code Infotech.