ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का हैबतपुर डूब क्षेत्र और चिपियाना खुर्द में चला बुलडोजर, 9000 वर्ग मीटर जमीन मुक्त

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)

ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (ग्रेनो) ने अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई को और तेज कर दिया है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने हैबतपुर के डूब क्षेत्र में बने शिवम एंक्लेव पर बुलडोजर चलाकर लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। साथ ही चिपियाना खुर्द गांव के खसरा नंबर 59 में करीब 2000 वर्ग मीटर में बने अवैध मकान और बाउंड्री वॉल को ध्वस्त किया गया। कुल मिलाकर 9000 वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त हुई। यह कार्रवाई विगत 16 दिनों में प्राधिकरण की छठवीं बड़ी कार्रवाई है।

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाए। एसीईओ सुमित यादव, जो इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं, ने साफ चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए निर्माण करना पूरी तरह अवैध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि कालोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न गंवाएं। जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर लें।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि एनजीटी के निर्देश पर हैबतपुर गांव के खसरा संख्या 209, 210 और 212 पर बने शिवम एंक्लेव में अवैध बाउंड्री वॉल, मकान निर्माण और सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा था, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई में 3 जेसीबी, 3 डंपर और प्राधिकरण पुलिस बल की मदद ली गई।

टीम का नेतृत्व वर्क सर्किल-1 के प्रभारी प्रभात शंकर ने किया।प्राधिकरण ने पिछले कुछ दिनों में कई जगहों पर बड़ी कार्रवाई की है:20 जनवरी: भनौता में 11340 वर्ग मीटर जमीन मुक्त
28 जनवरी: हैबतपुर में 6000 वर्ग मीटर
4 फरवरी: भनौता में 10,000 वर्ग मीटर
बृहस्पतिवार: रोहिल्लापुर में 18,000 वर्ग मीटर
29 जनवरी: खेड़ा चौगानपुर में 8 टावरों के 100+ फ्लैट सील

प्राधिकरण का यह अभियान हिंडन नदी के डूब क्षेत्रों और अधिसूचित जमीन पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एनजीटी आदेशों के अनुपालन में तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने का यह सिलसिला जारी रहेगा, ताकि अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध कब्जों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *