नोएडा में ट्रैफिक और सुरक्षा समस्याओं पर डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन की डीसीपी ट्रैफिक से महत्वपूर्ण बैठक

-यातायात व्यवस्था मजबूत करने, एंक्रोचमेंट हटाने और महिला सुरक्षा पर जोर
नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक जाम, कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा की समस्याओं को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। फेडरेशन के अध्यक्ष एन पी सिंह की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त यातायात मनीषा सिंह और एसीपी ट्रैफिक शकील मोहम्मद से सेक्टर 14 स्थित ऑफिस में मुलाकात की।
बैठक में आरडब्ल्यूए सदस्यों और विभिन्न संगठनों से प्राप्त प्रमुख शिकायतों को पत्र के माध्यम से सौंपा गया। यातायात पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और जिले की ट्रैफिक समस्याओं के स्थायी समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य मुद्दे इस प्रकार रहे:

  1. प्रमुख सड़कों पर बॉटलनेक के कारण होने वाली यातायात असुविधा
  2. सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रैफिक और ऑटो चालकों द्वारा रॉन्ग साइड ड्राइविंग
  3. ट्रैफिक कंजेशन दूर करने के लिए यू-टर्न और रोड इंजीनियरिंग में सुधार के सुझाव
  4. सेक्टर 51 के बीडीएस मार्केट में अनधिकृत थ्री-व्हीलर स्टैंड से उत्पन्न समस्या और निदान

इसके साथ ही फेडरेशन ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को एक विस्तृत पत्र सौंपकर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। पत्र में निम्नलिखित प्रमुख मांगें और सुझाव शामिल हैं:

  • ट्रैफिक समस्या, पुलिस वेरिफिकेशन में देरी और अनधिकृत बैंक्वेट हॉल से निवासियों को हो रही परेशानी
  • रोड इंजीनियरिंग में तत्काल सुधार
  • फायर विभाग को आपदा प्रबंधन के लिए बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना
  • बहुमंजिला इमारतों में आगजनी या आपदा की स्थिति में फायर डिपार्टमेंट को आधुनिक लैडर, अन्य उपकरण और हेलीकॉप्टर की व्यवस्था
  • पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने का अनुरोध
  • मेट्रो स्टेशनों पर ऑटो चालकों द्वारा महिलाओं और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार रोकने हेतु पुलिसकर्मियों की स्थायी तैनाती
  • साइबर क्राइम से बचाव के लिए जागरूकता अभियान और सभी थानों में शिकायत दर्ज करने की सुविधा
  • मुख्य चौराहों पर तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगवाना
  • कमर्शियल वाहनों को सेक्टरों के अंदर खड़े न होने देने का सख्त नियम
  • महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
  • शहर की सबसे बड़ी समस्या एंक्रोचमेंट को समाप्त करने के लिए सेक्टर आरडब्ल्यूए और प्राधिकरण के साथ संयुक्त अभियान चलाना
  • गाड़ियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर ओपन में शराब पीने वालों पर कड़ी कार्रवाई

डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन के मीडिया प्रभारी संजीव कुमार ने कहा, “हम जिले के निवासियों की रोजमर्रा की समस्याओं को प्राथमिकता से उठा रहे हैं। प्रशासन के साथ मिलकर इनका शीघ्र और प्रभावी समाधान हमारी प्राथमिकता है।” फेडरेशन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसी बैठकों, पत्राचार और फॉलो-अप के माध्यम से नागरिक सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को बेहतर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। यह पहल नोएडा क्षेत्र में तेजी से बढ़ती जनसंख्या, वाहनों की संख्या और शहरी चुनौतियों के बीच एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *