ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डूब क्षेत्र में चलाया बुलडोजर: आमका और बिसरख से 15 हजार वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए शुक्रवार को आमका और बिसरख के डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलाया। इस अभियान में कुल करीब 15 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है।

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आमका गांव के खसरा संख्या 295, 296, 297, 298 और 299 पर कॉलोनाइजरों द्वारा अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की कोशिश को रोका गया।

परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम चौधरी के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता और वर्क सर्किल-2 की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई दोपहर दो बजे से लगभग दो घंटे तक चली, जिसमें प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे।इसी दिन वर्क सर्किल-3 के प्रभारी प्रभात शंकर, मैनेजर प्रशांत समाधिया और उनकी टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मकानों को ढहा दिया। ये निर्माण डूब क्षेत्र में अवैध रूप से किए जा रहे थे, जहां बाढ़ का खतरा रहता है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि प्राधिकरण अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है और यह अभियान जारी रहेगा।प्राधिकरण का कहना है कि डूब क्षेत्रों में निर्माण न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि लोगों की जान-माल को भी खतरे में डालता है। ऐसी कार्रवाइयों से अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *