चुनावी चर्चा: नोएडा भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री गणेश जाटव को मिली बुलंदशहर सदर विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और नोएडा महानगर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री गणेश जाटव को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बुलंदशहर सदर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। वे उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के निदेशक भी हैं। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह से बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
गणेश जाटव लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय हैं। नोएडा में जिला महामंत्री रहते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से समन्वय, बूथ प्रबंधन और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभव और समर्पण को देखते हुए ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि 2027 विधानसभा चुनावों में बुलंदशहर सदर में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
गणेश जाटव ने इस नियुक्ति पर कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे और वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाते हुए आगामी चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने में अपना योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *