नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और मजबूत कानून-व्यवस्था ने उत्तर प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। उन्होंने जेवर को भारत का “गहना” बताते हुए कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ यह पूरा क्षेत्र बड़ा औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब बन रहा है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से गौतमबुद्धनगर के जेवर स्थित यीडा सेक्टर-08 में सीएनएच इंडस्ट्रियल के आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रख रहे थे। कंपनी लगभग 1200 करोड़ रुपये के निवेश से 100 एकड़ भूमि पर यह प्लांट स्थापित करेगी। इससे 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, साथ ही अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश “उपद्रव” से “उत्सव” प्रदेश बन गया है। राज्य अब देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ धरातल पर उतर चुके हैं। जल्द ही 7.5 लाख करोड़ के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी।उन्होंने बताया कि राज्य में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है, एमएसएमई इकाइयां एक करोड़ तक पहुंच चुकी हैं और स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण को नई गति देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी साढ़े अठारह प्रतिशत है।उन्होंने आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में नवाचार और रोजगार के नए द्वार खोलने की बात कही। साथ ही कंपनी को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।


इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। सीएनएच के अधिकारी, यीडा के सीईओ आर.के. सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में मौजूद रहे।