नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
वरिष्ठ कोषाधिकारी गौतमबुद्धनगर शिखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के पेंशनरों को वर्ष में एक बार जीवित प्रमाण पत्र जमा करना होता है। अब पेंशनर कोषागार में आए बिना भी अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। वे बैंक शाखा या जीवन प्रमाण पोर्टल के माध्यम से घर बैठे मोबाइल से यह काम कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल में आधार फेस आर.डी. ऐप और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होता है।
इसी सुविधा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक पेंशनरों तक पहुंचाने के लिए 16 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक दादरी तहसील परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।शिखा गुप्ता ने दादरी में रहने वाले उन सभी पेंशनरों से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपना जीवित प्रमाण पत्र नहीं जमा किया है। वे निर्धारित समय पर शिविर में आकर अपना डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र बनवा लें। शिविर में आने वाले पेंशनर आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल फोन जरूर साथ लेकर आएं।उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया सरल है और पेंशनरों को व्यक्तिगत रूप से कोषागार आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
