नोएडा: 115 एनजीओ का अनोखा समूह ‘ऐक्टिव एनजीओ’ ने मनाया वार्षिक उत्सव ‘जुनून’

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑडिटोरियम में ऐक्टिव एनजीओ समूह द्वारा आयोजित वार्षिक कार्यक्रम “जुनून” भव्य रूप से संपन्न हो गया। यह कार्यक्रम मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज सेवा में समर्पित 115 से अधिक एनजीओ के मजबूत नेटवर्क की एकजुटता और उपलब्धियों का उत्सव बना।
कोरोना काल में शुरू हुए इस समूह ने आज न सिर्फ नोएडा बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना ली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत ये एनजीओ एक अनोखे मंच के रूप में एक साथ काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोएडा विधायक पंकज सिंह ने समूह की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज सेवा संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने ऐक्टिव एनजीओ के साथ हमेशा सहयोगी की भूमिका निभाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समूह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई औपचारिक पद संरचना नहीं है। सभी सदस्य समान रूप से योगदान के आधार पर कार्य करते हैं। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ऐक्टिव एनजीओ प्रशासनिक संस्थानों (कमिश्नर कार्यालय, डीएम कार्यालय और नोएडा प्राधिकरण) के साथ मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है।
समापन अवसर पर समूह के एडमिन डॉ. अशोक श्रीवास्तव के अतुलनीय योगदान को विशेष रूप से सराहा गया, जिन्होंने इस पूरे नेटवर्क को एक मजबूत मंच का रूप दिया। दूसरे एडमिन डॉ. रंजन तोमर ने समूह के पांच वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम में गीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ और सम्मान समारोह की प्रस्तुतियाँ दी गईं।
इस अवसर पर डॉ योगेंद्र नारायण (वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, रिटायर्ड), महेश सक्सेना (नोएडा लोक मंच महासचिव), शालिनी सिंह (युवा क्रांति सेना संरक्षक),अनिल सिंह (पूर्व मंत्री) व विपिन मल्हन (एनईए अध्यक्ष) आदि मौजूद थे।
ऐक्टिव एनजीओ समूह ने इस कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर साबित किया कि सामाजिक कार्यों में सहयोग और एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *