ब्रेकिंग न्यूज़: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में नया ‘इंडस्ट्री सेल’ स्थापित, पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्री) की अगुवाई में 25 सदस्यीय टीम करेगी मजदूर हितों और उद्योगों की निगरानी

-15 हजार औद्योगिक इकाइयों और चार लाख मजदूरों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा
नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने औद्योगिक क्षेत्र को विशेष ध्यान देने के लिए एक नया ‘इंडस्ट्री सेल’ बनाया है। इस सेल की कमान पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्री) संभालेंगे। कमिश्नरेट के तीनों जोनों में फैली करीब 15,000 रजिस्टर्ड औद्योगिक इकाइयों, दो लाख से अधिक कंपनियों और चार लाख मजदूरों की सुरक्षा, अनुशासन तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
नए सेल के गठन का उद्देश्य लघु, मध्यम, बृहत् तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना, श्रमिकों व प्रबंधन की समस्याओं का तुरंत समाधान करना और सभी सरकारी विभागों के बीच समन्वय बनाना है। साथ ही, उत्तर प्रदेश तथा भारत सरकार द्वारा लागू सभी श्रम कानूनों का अनुपालन सुनिश्चित करना भी इस सेल की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
टीम की संरचना

  • पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्री) – कमांडिंग अधिकारी
  • सहायक पुलिस आयुक्त (इंडस्ट्री) – 1
  • निरीक्षक – 3
  • अन्य रैंकों के अधिकारी/कर्मचारी – कुल 25

पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्री) का संपर्क नंबर: 8595902508

यह सेल तत्काल प्रभाव से काम करना शुरू कर देगा। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) द्वारा एक विस्तृत एसओपी (कार्य प्रणाली) तैयार की जाएगी। कमिश्नरेट ने इस पद को स्थायी बनाने के लिए प्रस्ताव तीन दिन के अंदर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश और गृह विभाग को भेजने का निर्देश भी दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गौतमबुद्धनगर का औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक हब है। यहां निरंतर बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों और श्रमिकों की संख्या को देखते हुए विशेष सेल के गठन की काफी जरूरत महसूस की जा रही थी। इस कदम से उद्योग जगत में कानून व्यवस्था और मजदूर हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *